इंदौर, 29 मार्च 2026:
देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर नवीनीकृत पुराने टर्मिनल भवन (T-1) का लोकार्पण रविवार को किया गया। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से टर्मिनल का उद्घाटन किया। इस मौके पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, इंदौर सांसद शंकर लालवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

नवीनीकरण के बाद एयरपोर्ट की कुल क्षमता बढ़कर लगभग 50 लाख यात्रियों प्रतिवर्ष तक पहुंच गई है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और भीड़ का दबाव कम होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी को तेजी से मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में हर 150 किलोमीटर पर एक कमर्शियल एयरपोर्ट, 75 किलोमीटर पर एयरस्ट्रिप और 45 किलोमीटर पर हेलीपैड विकसित करने की दिशा में कार्य जारी है।

केंद्रीय मंत्री राममोहन नायडू ने सांसद शंकर लालवानी की सराहना करते हुए कहा,

“सांसद शंकर लालवानी इंदौर एयरपोर्ट के विकास के लिए लगातार प्रयासरत रहे हैं। उनके प्रयासों से यह प्रोजेक्ट तेजी से पूरा हुआ और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।”

करीब ₹50 करोड़ की लागत से विकसित इस टर्मिनल में 400 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था, 14 चेक-इन काउंटर, आगमन और प्रस्थान क्षेत्र में आरक्षित लाउंज तथा दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही बड़ी पार्किंग व्यवस्था भी विकसित की गई है।

यात्रियों की सुरक्षा के लिए टर्मिनल में तीन एक्स-रे मशीनें स्थापित की गई हैं, जिससे जांच प्रक्रिया तेज होगी और संदिग्ध वस्तुओं की पहचान समय रहते की जा सकेगी।

वर्तमान में इस टर्मिनल से ATR विमान सेवाएं संचालित की जाएंगी, जिससे प्रतिदिन लगभग 2,700 यात्रियों का आवागमन होगा। इससे नए टर्मिनल भवन पर पीक आवर्स में पड़ने वाला दबाव कम होगा।

सांसद शंकर लालवानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री राममोहन नायडू का आभार जताते हुए कहा,

“इंदौर मध्य भारत का सबसे तेजी से बढ़ता शहर है और एयरपोर्ट के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।”

टर्मिनल के री-कॉन्फिगरेशन से यात्री प्रवाह को बेहतर बनाया गया है, जिससे चेक-इन से बोर्डिंग तक की प्रक्रिया अधिक सुगम होगी।

यात्रियों के लिए UDAN कैफे के तहत किफायती भोजन, फ्री वाई-फाई, ‘अवसर’ स्टॉल के जरिए स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद और ‘फ्लाइब्रेरी’ जैसी सुविधाएं भी शुरू की गई हैं।

यह नवीनीकृत टर्मिनल इंदौर एयरपोर्ट पर बढ़ते यात्री दबाव को कम करने और यात्रियों को तेज, सुरक्षित एवं सुविधाजनक अनुभव प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम में एयरपोर्ट निदेशक सुनील मग्गीवार, सलाहकार समिति के सदस्य बंटी गोयल, सावन लड्ढा सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।