ट्रंप टैरिफ डील विवाद की गूंज इंदौर तक, प्रदर्शन हुआ बेकाबू

इंदौर, 21 फरवरी 2026: मध्य प्रदेश के इंदौर में शुक्रवार, 21 फरवरी को राजनीतिक तनाव उस समय हिंसक रूप ले बैठा, जब भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यालय के बाहर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर पथराव हो गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, पंडरीनाथ थाना क्षेत्र स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन के लिए पहुंचे थे। पुलिस द्वारा पहले से बैरिकेटिंग की गई थी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात था। बावजूद इसके, प्रारंभिक सूचना के मुताबिक दोनों पक्षों की ओर से पत्थर, बोतलें और यहां तक कि फल भी फेंके गए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार पथराव में एसआई आर.एस. बघेल घायल हो गए। वहीं भाजपा कार्यकर्ता बिन्दु चौहान के भी पत्थर लगने से चोटिल होने की खबर है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े को भी चोट आई है। इसके अलावा दो मीडिया कर्मियों के घायल होने की सूचना है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

यूथ कॉंग्रेस ने ai समिट में किया था शर्ट लेस विरोध प्रदर्शन, राहुल गांधी ने मोदी कहा Compromised PM

दरअसल भाजयुमो द्वारा यह विरोध प्रदर्शन राजधानी दिल्ली में आयोजित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस समिट के दौरान 20 फरवरी को कांग्रेस के युवा संगठन Indian Youth Congress भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा किए गए शर्टलेस विरोध प्रदर्शन के विरोध में हुआ। यूथ कॉंग्रेस के प्रदर्शनकारियों ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते, बेरोज़गारी और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री Narendra Modi की सरकार ने देशहित से समझौता किया है। यूथ कॉंग्रेस और कॉंग्रेस नेता राहुल गांधी ने पीएम मोदी को “Compromised PM ” बताया ।

वहीं Bharatiya Janata Party ने इस प्रदर्शन को अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि खराब करने वाला बताया। बीजेपी राहुल गांधी से माफी की मांग पर अड़ी हुई है। इसी को लेकर आज 21 फरवरी को भजयुमों ने देश के कई शहरों में विरोध प्रदर्शन किया है।

फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गया है।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।