कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगाई के खिलाफ इंदौर में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
इंदौर। कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के विरोध में इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी और मध्य प्रदेश राजीव विकास केंद्र ने सरवटे बस स्टैंड पर प्रदर्शन किया। कार्यवाहक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव और प्रदेश उपाध्यक्ष अलीम शेख के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा लगाकर गैस सिलेंडर को हार-फूल अर्पित कर प्रतीकात्मक श्रद्धांजलि दी गई और दो मिनट का मौन रखा गया।
कांग्रेस ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर का दाम बढ़कर करीब ₹2,100 के आसपास पहुंच गया है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और छोटे व्यापारियों की लागत बढ़ेगी। उनका कहना था कि इसका सीधा असर खाने-पीने की वस्तुओं के दाम पर पड़ेगा और आम उपभोक्ता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ेगा।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में कमी और कालाबाजारी की समस्या बनी हुई है, जहां घरेलू गैस सिलेंडर ₹2000 से ₹3000 तक में बेचे जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि मूल्य वृद्धि तुरंत वापस ली जाए और आम जनता को राहत दी जाए।
कांग्रेस का दावा है प्रदर्शन में कई कार्यकर्ता और होटल व्यवसायी शामिल हुए। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *