इंदौर, 19 मार्च (न्यूज़ओ2) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को इंदौर में हाल ही में हुई अग्नि दुर्घटना में मृत नागरिकों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री जंजीरवाला चौराहा स्थित जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभागृह पहुंचे, जहां उन्होंने बंगाली चौराहा स्थित बृजेश्वरी एनेक्स में हुई आग की घटना में दिवंगत नागरिकों के छायाचित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
डॉ. यादव ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन और विशेष डीजी आदर्श कटियार को मौके पर भेजा गया था। उन्होंने इस दुर्घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए कहा कि इसकी हर पहलू से विशेषज्ञों द्वारा गहन जांच कराई जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
इसी दिन मुख्यमंत्री ने इंदौर में “जल गंगा संवर्धन अभियान” का राज्य स्तरीय शुभारंभ करते हुए कहा कि जल भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग और जीवन का आधार है। उन्होंने नागरिकों से जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि गुड़ी पड़वा से गंगा दशमी तक चलने वाले इस 139 दिवसीय अभियान के तहत प्रदेशभर में लगभग 2,500 करोड़ रुपये के कार्य किए जाएंगे। इसमें नए तालाबों का निर्माण, पुराने जल स्रोतों का पुनर्जीवन, कुओं-बावड़ियों की मरम्मत, नहरों का निर्माण और भू-जल पुनर्भरण जैसे कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने इंदौर में विभिन्न जल संरक्षण परियोजनाओं के तहत लगभग 22 करोड़ रुपये के कार्यों का भूमिपूजन भी किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश नदियों का उद्गम स्थल है और यहां से 250 से अधिक नदियां निकलती हैं, जिनके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्कूली विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना भी की। निपानिया में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ईशान भालसे और शिवा वर्मा ने मुख्यमंत्री का स्केच भेंट किया, जिससे प्रभावित होकर उन्होंने दोनों को 11-11 हजार रुपये पारितोषिक देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक महेंद्र हार्डिया, मालिनी गौड़, गोलू शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
