महापौर ने संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ की समीक्षा बैठक

इंदौर, 23 जनवरी 2026 : इंदौर नगर निगम ने शहर के ग्रीन बेल्ट, उद्यान, डिवाइडर और प्रमुख चौराहों के संधारण के लिए निजी जनभागीदारी मॉडल लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत निजी सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं को चयनित सार्वजनिक स्थलों को गोद देकर उनके रखरखाव की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इस संबंध में महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अध्यक्षता में नगर निगम कार्यालय में संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों के डिवाइडर, उद्यान और ग्रीन बेल्ट के रखरखाव को लेकर सहमति बनी।

नगर निगम के अनुसार, निजी संस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुसार इन स्थलों का सौंदर्यीकरण, हरियाली संरक्षण और नियमित संधारण करेंगी। नगर प्रशासन द्वारा कार्यों की निगरानी की जाएगी। नगर निगम का कहना है कि निजी जनभागीदारी से सार्वजनिक स्थलों के रखरखाव में सुधार होगा और शहर की हरित छवि को मजबूती मिलेगी।
बैठक में निम्नलिखित स्थलों को विभिन्न संस्थाओं द्वारा गोद लिए जाने पर सहमति बनी—

  • क्वींस कॉलेज के सामने सांई बाग कॉलोनी से खंडवा नाका तक का डिवाइडर
  • बापट चौराहा से बीसीसी तक का डिवाइडर
  • चमेली बिल्डा कॉलोनी के बाहर स्थित ग्रीन बेल्ट
  • सुविधा नगर मेन रोड (ऐरा पब्लिक स्कूल के सामने) स्थित छोटा उद्यान
  • एम.बी. खालसा एज्युकेशन सोसायटी के सामने का डिवाइडर
  • न्यू रानीबाग कॉलोनी स्थित उद्यान क्रमांक-02
  • माणिकबाग ब्रिज चौकी से उद्यम सिंह चौराहा तक का डिवाइडर
  • भगवानदीन नगर, सपना-संगीता क्षेत्र का उद्यान
  • चाणक्यपुरी चौराहा स्थित संत शिरोमणि सेन प्रतिमा के पास का उद्यान
  • रोबोट चौराहा से वेलोसिटी टॉकीज तक की ग्रीन बेल्ट
  • हाईकोर्ट चौराहा से लैंटर्न चौराहा तक का डिवाइडर
  • शिवाजी प्रतिमा चौराहे से वर्ल्ड कप चौराहे तक का डिवाइडर

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।