इंदौर। शहर के तुकोगंज थाना क्षेत्र में एक रियल एस्टेट कारोबारी को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। अज्ञात कॉलर ने कारोबारी से करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगी है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार तुकोगंज क्षेत्र निवासी रियल एस्टेट कारोबारी संजय जैन को अज्ञात नंबर से कॉल कर धमकाया गया। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए पहले 10 करोड़ रुपये की मांग की।

बताया जा रहा है कि जब कारोबारी ने कॉल रिसीव नहीं किया, तो आरोपियों ने दोबारा संपर्क कर एक वॉयस नोट भेजा, जिसमें मांग बढ़ाकर 15 करोड़ रुपये कर दी गई।

पीड़ित की शिकायत पर तुकोगंज थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस कॉल डिटेल्स के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

घटना के बाद कारोबारी और उसके परिवार की सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है। वहीं क्राइम ब्रांच अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के कॉल अन्य शहरों में भी कई लोगों को आए हैं, जिससे संगठित गिरोह की आशंका जताई जा रही है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।