इंदौर, 23 मार्च । जूनी इंदौर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 518 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम के साथ एक इंजीनियरिंग छात्र को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की कीमत करीब एक लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी गोविंद पाटीदार सेज यूनिवर्सिटी में बीटेक का छात्र है और तेजाजी नगर क्षेत्र में किराये से रह रहा था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने कैफे व्यवसाय में हुए नुकसान और कर्ज के चलते अफीम तस्करी का रास्ता अपनाया।
आरोपी के परिवार द्वारा नीमच में लाइसेंस प्राप्त अफीम खेती की जाती है। आरोपी वहीं से अफीम लाकर इंदौर में खपाने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस ने उसे पहले ही गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
