इंदौर में औद्योगिक उपभोक्ताओं की PNG गैस सप्लाई 80% तक सीमित

इंदौर। मध्य-पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण गैस आपूर्ति पर असर पड़ने की आशंका के बीच अवंतिका गैस लिमिटेड ने इंदौर में औद्योगिक एवं वाणिज्यिक (I&C) उपभोक्ताओं के लिए पाइप्ड नैचुरल गैस (PNG) की आपूर्ति सीमित करने का निर्णय लिया है।

कंपनी द्वारा जारी सूचना के अनुसार पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के 9 मार्च 2026 के निर्देशों के अनुपालन में अब I&C उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति पिछले छह महीनों की औसत खपत के अधिकतम 80 प्रतिशत तक ही की जाएगी। यह व्यवस्था 12 मार्च 2026 सुबह 6 बजे से लागू हो गई है और अगली सूचना तक प्रभावी रहेगी।

कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि औद्योगिक एवं वाणिज्यिक श्रेणी के मौजूदा आधार मूल्य में ₹1 प्रति एससीएम (प्रति यूनिट) की वृद्धि लागू की गई है। यदि किसी उपभोक्ता की खपत निर्धारित 80 प्रतिशत सीमा से अधिक होती है, तो अतिरिक्त गैस की आपूर्ति स्पॉट मार्केट की वास्तविक दरों पर की जाएगी, जो सामान्य दरों से अधिक हो सकती है।

गैस आपूर्ति में आई इस स्थिति का सीधा असर इंदौर और आसपास के औद्योगिक प्रतिष्ठानों, होटल-रेस्टोरेंट तथा अन्य वाणिज्यिक इकाइयों पर पड़ सकता है। कंपनी ने उपभोक्ताओं से गैस उपयोग को नियंत्रित और योजनाबद्ध तरीके से करने की अपील की है।