जौहर मानपुरवाला ने जीतू पटवारी को लिखा पत्र
51 की जगह 251 सदस्य बनाने का सुझाव
इंदौर। इंदौर शहर कांग्रेस के प्रवक्ता जौहर मानपुरवाला ने मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष Jitu Patwari को पत्र लिखकर इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी की प्रस्तावित कार्यकारिणी का आकार बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि कार्यकारिणी को 51 सदस्यों के बजाय 251 सदस्यों की बनाई जानी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन में प्रतिनिधित्व मिल सके।
पत्र में मानपुरवाला ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पटवारी लगातार प्रदेशभर में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए मेहनत कर रहे हैं, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
उन्होंने उल्लेख किया कि इंदौर तेजी से महानगर के रूप में विकसित हो रहा है और यहां बड़ी संख्या में समर्पित कांग्रेस कार्यकर्ता सक्रिय हैं। आंदोलन और प्रदर्शन के दौरान ये कार्यकर्ता प्रशासनिक दबाव और मुकदमों की परवाह किए बिना पार्टी के लिए मैदान में उतरते हैं।
मानपुरवाला ने कहा कि प्रदेश में लंबे समय से कांग्रेस विपक्ष में है, ऐसे में कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए संगठनात्मक पद ही सबसे बड़ा माध्यम हैं। इसलिए इंदौर शहर कांग्रेस की प्रस्तावित 51 सदस्यीय कार्यकारिणी को बढ़ाकर 251 सदस्यीय किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को संगठन में जिम्मेदारी और सम्मान मिल सके।
