प्रीवेंटिव हेल्थ केयर शिविर का सैकड़ों नागरिकों ने उठाया लाभ


1700 से अधिक जांचें, रोगों की समय रहते पहचान का उद्देश्य

इंदौर, 27 जून 2025 : संभागायुक्त दीपक सिंह की पहल पर गैरसंचारी रोगों की रोकथाम हेतु खजराना गणेश मंदिर परिसर में प्रीवेंटिव हेल्थ केयर शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य विभाग एवं अरविंदो मेडिकल कॉलेज के सहयोग से आयोजित इस शिविर में कुल 515 नागरिकों ने पंजीयन कराया।

शिविर में कैंसर, टीबी, हार्ट, लीवर, हड्डी, नेत्र, दंत, गठिया एवं स्त्री रोग सहित विभिन्न बीमारियों की कुल 1700 से अधिक जांचें की गईं। इनमें प्रमुख रूप से 93 ईसीजी, 96 फाइब्रोस्कैन, 379 एचबी, 379 आरबीएस, 190 एसजीपीटी, 190 एसजीओटी, 190 लिपिड प्रोफाइल, 103 ईको, 72 यूएसजी, 38 मैमोग्राफी, 123 जनरल मेडिसिन, 110 कार्डियोलॉजी, 96 गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी, 73 ब्रेस्ट लंप स्क्रीनिंग, 10 आर्थोपेडिक, 20 पेपस्मेयर, 52 गायनेकोलॉजी, 26 रूमेटोलॉजी, 73 कैंसर स्क्रीनिंग, 40 डेंटल एवं 136 नेत्र जांच शामिल हैं।

संभागायुक्त दीपक सिंह ने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, समय पर रोगों की पहचान करना और आवश्यक परामर्श व उपचार मुहैया कराना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस तरह के शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

अरविंदो अस्पताल के चेयरमैन डॉ. विनोद भंडारी ने बताया कि जांच के दौरान ऐसे मरीजों को चिन्हित किया गया जो किसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त हैं अथवा जिनमें भविष्य में बीमारी की संभावना है। उन्हें आगे की विशेष चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।