57% लोकेशन पर बढ़ेगी जमीन की कीमत
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रॉपर्टी की गाइडलाइन दरों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार किया गया है। जिला मूल्यांकन समिति की बैठक में इस पर सहमति बनी है, जिसके बाद जिले की बड़ी संख्या में लोकेशन पर जमीन और संपत्ति की न्यूनतम कीमत बढ़ सकती है।
प्रस्ताव के अनुसार जिले की 4579 लोकेशन में से लगभग 2606 स्थानों (करीब 57%) पर गाइडलाइन रेट बढ़ाने का सुझाव दिया गया है। इनमें सबसे अधिक स्थानों पर 21 से 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव है।
आंकड़ों के अनुसार 0-10 प्रतिशत वृद्धि करीब 85 स्थानों पर, 11-20 प्रतिशत वृद्धि 469 स्थानों पर, 21-50 प्रतिशत वृद्धि 1593 स्थानों पर और 51-100 प्रतिशत तक वृद्धि 419 स्थानों पर प्रस्तावित है। कुछ चुनिंदा स्थानों पर 100 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी का भी प्रस्ताव रखा गया है।
प्रस्तावित बदलाव में ग्रामीण क्षेत्रों में वृद्धि का दायरा अधिक बताया जा रहा है। ग्रामीण इलाकों की लगभग 79 प्रतिशत लोकेशन पर गाइडलाइन बढ़ने की संभावना है, जबकि शहर में करीब 45 प्रतिशत स्थानों पर दरें बढ़ सकती हैं।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में नए सड़क और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट, रियल एस्टेट गतिविधियों में बदलाव और राजस्व बढ़ाने की जरूरत को देखते हुए यह प्रस्ताव तैयार किया गया है।
हालांकि नई गाइडलाइन दरें लागू होने से पहले प्रस्ताव का प्रकाशन किया जाएगा और जनता से आपत्तियां व सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे। इसके बाद अंतिम प्रस्ताव राज्य स्तर की केंद्रीय मूल्यांकन समिति को भेजा जाएगा, जहां से मंजूरी मिलने के बाद नई दरें लागू होंगी।
