मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में एक बार फिर पशु क्रूरता का मामला सामने आया है। लसूड़िया थाना क्षेत्र की पैराडाइज कॉलोनी में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर कुत्ते के पिल्ले को पीट-पीटकर मार डाला। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक घटना 19 मार्च की रात की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक पिल्ला सड़क पर चलते हुए आरोपी और उसके साथी के पास पहुंचता है। इसी दौरान आरोपी ने लाठी से उस पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से पिल्ला जमीन पर गिर पड़ा और तड़प-तड़पकर मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

वीडियो सामने आने के बाद पीपुल्स फॉर एनिमल्स (PFA) की इंदौर इकाई के पदाधिकारियों ने मामले में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी की पहचान पैराडाइज कॉलोनी निवासी मुकेश कुमावत के रूप में की है।
लसूड़िया पुलिस के अनुसार, आरोपी ने यह कहते हुए हमला किया कि कुत्ता लोगों को काटता है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। वहीं उसके साथी की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।