ढाई सौ से अधिक रिक्त पदों पर दी जायेगी नौकरी

इंदौर, 24 फरवरी 2026: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इंदौर जिले में “युवा संगम” कार्यक्रम के तहत रोजगार मेलों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में अगला रोजगार मेला 2 मार्च (सोमवार) को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक जिला रोजगार कार्यालय परिसर (जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के पास), 10 पोलोग्राउंड इंदौर में आयोजित किया जाएगा।

उप संचालक रोजगार पी.एस. मण्डलोई ने बताया कि इस रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को करियर बनाने का सुनहरा अवसर मिलेगा। साथ ही स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ करने के इच्छुक युवाओं को विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत ऋण प्रक्रिया एवं आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।

“युवा संगम” कार्यक्रम में इनोफ्लेक्स, टोरस बीपीओ, तीसवा टेक्नोलॉजीज सर्विसेज, जस्ट डायल, शेफाली बिज़नेस सोलूशन, मोज़ेक वाक्स्किल्ल प्राइवेट लिमिटेड सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियाँ भाग लेंगी। इन कंपनियों में एचआर, सेल्स एक्जीक्यूटिव, टेली-कॉलर, ऑपरेटर, टीम लीडर, बैक ऑफिस, हेल्पर आदि पदों पर 250 से अधिक रिक्तियों के लिए चयन किया जाएगा। कंपनियों के प्रतिनिधि मौके पर साक्षात्कार लेकर आकर्षक वेतन पर प्रारंभिक चयन करेंगे।

रोजगार मेले में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के वे युवा भाग ले सकते हैं, जिन्होंने हाईस्कूल से लेकर स्नातकोत्तर तक की शिक्षा प्राप्त की हो। आईटीआई और डिप्लोमा जैसी तकनीकी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी इसमें शामिल हो सकते हैं। मेले में भाग लेने वाले सभी आवेदकों को अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की छायाप्रतियाँ, बायोडाटा, आधार कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक युवाओं से इस रोजगार मेले में भाग लेकर अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

By Jitendra Singh Yadav

जितेंद्र सिंह यादव वरिष्ठ पत्रकार | आरटीआई कार्यकर्ता | राजनीतिक विश्लेषक 20+ वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, UNI से जुड़े। Save Journalism Foundation व इंदौर वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के संस्थापक। Indore Varta और NewsO2.com से जुड़े। निष्पक्ष पत्रकारिता व सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित।