132 मंदिरों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

इंदौर, 28 फरवरी 2026: शहर के जैन समाज में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के अध्यक्ष पद के लिए 15 मार्च को मतदान कराया जाएगा। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत 28 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है।

अंतिम सूची के अनुसार कुल 756 मतदाता इस बार अध्यक्ष के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें 132 जैन मंदिरों और जैन सामाजिक संगठनों के अधिकृत प्रतिनिधि शामिल हैं, जो समाज के शीर्ष नेतृत्व के चयन में अपनी भूमिका निभाएंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं पूर्व न्यायाधीश नरेंद्र कुमार जैन ने बताया कि मतदाता सूची को लेकर कुल 30 दावे और आपत्तियां प्राप्त हुई थीं। सभी आपत्तियों का नियमानुसार निराकरण करने के बाद सूची को अंतिम रूप दिया गया। शनिवार को निर्वाचन कार्यालय पर सूची सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित कर दी गई।

मीडिया प्रभारी राजेश जैन ‘दददु’ ने जानकारी दी कि नामांकन प्रक्रिया 1 मार्च से प्रारंभ होगी और 2 मार्च को शाम 4:30 बजे के बाद कोई भी फॉर्म स्वीकार नहीं किया जाएगा। 3 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 5 मार्च को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी कर प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।

मतदान 15 मार्च को उदासीन आश्रम, एमजी रोड, इंदौर में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। उसी दिन शाम 5 बजे मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। समाज में चुनाव को लेकर उत्साह का माहौल है और निर्वाचन को शांतिपूर्ण व पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।