दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्रवाई, 9 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
इंदौर, 27 अक्टूबर 2026: दीपावली के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने इंदौर में विशेष जांच अभियान चलाया। मंगलवार को 9 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर मिठाई, मावा, पनीर, घी सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के 18 नमूने जांच के लिए लिए गए। कार्रवाई के दौरान यदुराज डेयरी से खराब क्रीम के दो टीन मौके पर नष्ट कराए गए।
इंदौर जनसम्पर्क द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अभियान के तहत प्रिंस नगर, सिरपुर, मुसाखेड़ी और छोटा बांगड़दा क्षेत्र की डेयरियों, मिठाई दुकानों एवं खाद्य निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया गया। प्रतिष्ठानों से मिल्क केक, मावा, गुलाब जामुन, पनीर, घी, मलाई बर्फी, तिल लड्डू और मूंगफली गुड़ पट्टी सहित विभिन्न उत्पादों के नमूने संग्रहित किए गए।
श्री फलोदी फूड्स में निरीक्षण के दौरान खाद्य निर्माण के लिए आवश्यक वैध पंजीयन प्रस्तुत नहीं किया गया। संचालक को पंजीयन प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए नियमानुसार कार्रवाई की बात कही गई। अन्य कारोबारियों को साफ-सफाई, उचित भंडारण और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार, सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में जारी है।
