15 मार्च को मतदान; 756 मतदाता चुनेंगे नया अध्यक्ष
इंदौर, 02 मार्च 2026: दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के अध्यक्ष पद के लिए 15 मार्च को होने वाले चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया संपन्न हो गई है। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के साथ ही अब नामांकन फॉर्म स्वीकार नहीं किए जाएँगे ।
निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार कुल 7 नामांकन फॉर्म जमा हुए हैं। नामांकन दाखिल करने वालों में सुशील पांड्या, दिलीप पाटनी, आनंद गोधा, आशीष जैन, योगेश जैन एवं बाहुबली जैन और अन्य शामिल हैं। अब 3 मार्च को नामांकन पत्रों की विधिवत जांच की जाएगी। इसके बाद वैध प्रत्याशियों की सूची जारी होगी। 5 मार्च को नाम वापसी की अंतिम तिथि के साथ उम्मीदवारों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।
इससे पहले 28 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची जारी की जा चुकी है। चुनाव में कुल 756 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 132 जैन मंदिरों एवं जैन सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हैं, जो समाज के नए अध्यक्ष के चयन में निर्णायक भूमिका निभाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं पूर्व न्यायाधीश नरेंद्र कुमार जैन ने बताया कि प्राप्त 30 दावों एवं आपत्तियों का निराकरण कर अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई है।
मतदान 15 मार्च को उदासीन आश्रम, एमजी रोड, इंदौर (मप्र) में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। उसी दिन शाम 5 बजे मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
