महावीर बाग में साधारण सभा आयोजित
इंदौर, 01 फरवरी 2026: दिगंबर जैन सामाजिक संसद, इंदौर के चुनाव जल्द सम्पन्न हो सकते हैं। 1 फरवरी, दिन रविवार को एयरपोर्ट रोड स्थित महावीर बाग में समाजजनों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें कई जैन मंदिरों के प्रतिनिधि मौजूद थे। बैठक में सर्वसम्मति से संवैधानिक तरीके से निर्वाचन कराने का निर्णय लिया गया जिसके तहत पूर्व जज नरेंद्र जैन को मुख्य निर्वाचन अधिकारी घोषित किया गया और दिलीप पाटनी को कार्यवाहक अध्यक्ष घोषित किया गया। जैन के नेतृत्व में 5 सदस्यीय निर्वाचन समिति का गठन होगा। हालांकि नरेंद्र जैन बैठक में मौजूद नहीं थे।
प्रदीप चौधरी ने बताया कि दिगंबर जैन सामाजिक संसद के अध्यक्ष का चुनाव हर 3 वर्ष में होता है। लगभग 136 जिनालयों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि मिलकर सामाजिक संसद का गठन करते हैं जिसमें लगभग 600 प्रतिनिधि होते हैं। वे प्रजातांत्रिक तरीके से अध्यक्ष का चुनाव करते हैं। आज चुनाव समिति की घोषणा हो गई है। संविधान के मुताबिक चुनाव की घोषणा से चुनाव होने तक की अवधि 15 दिन है। अब चुनाव समिति चुनाव सूची पूर्ण करके चुनाव की तिथि की घोषणा करेगी।
चौधरी ने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण बीते 8 महीने से जारी था। उसमें जो समन्वय समिति के 6 सदस्य थे, उनका कार्य सूची का पुनरीक्षण करना था, लेकिन समिति ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर समाज के अध्यक्ष को नोमिनेट कर दिया। चौधरी ने कहा कि आज की साधारण सभा में समन्वय समिति के द्वारा घोषित अध्यक्ष (विनय बाकलीवल) के चुनाव को अमान्य कर दिया और अब संविधान के अनुसार अध्यक्ष का चुनाव सम्पन्न कराया जाएगा।
आपको बता दें जैन समाज के अध्यक्ष और कार्यकरणी के चुनाव हर 3 साल में होते हैं लेकिन बीते 8 साल से कोई निर्वाचन प्रक्रिया नहीं हुई क्योंकि समाज दो धड़ों में बंटा हुआ था।
इस अवसर पर वरिष्ठ विचारक हुकुमचंद जैन सांवला ने संविधान का महत्व बताते हुए कहा संविधान मतलब आपस में समन्वय बना रहे विधान और संविधान के अनुसार अपने संगठन का स्वरूप खड़ा करना चाहिए।
तकनीकी जानकार राजेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि जो भी अध्यक्ष पद के लिए लड़े, वह समाज जन के सामने अपना अपना घोषणा पत्र रखें, साथ ही बताएं कि जैन समाज के गरीब तबके के लिए क्या योजनाएँ हैं ? जैन ने सुझाव देते हुए कहा कि सलाहकार समिति का भी गठन होना चाहिए, जिसमें वरिष्ठ मार्गदर्शन दे सकें।
पोरवाड़ जैन समाज के अध्यक्ष नवीश जैन ने कहा कि जैन समाज कई उपजातियों में बंटा है, चुनाव में उनकी भी सहभागिता हो।
रिटायर्ड डीएसपी डी के जैन ने कहा कि नेतृत्व का चयन संविधान के अनुसार पारदर्शिता से होना चाहिए।
सुभाष सेठिया ने नवीन अध्यक्ष चयन हेतु प्रस्तावित कार्य प्रणाली पर प्रकाश डाला।
महामंत्री सुशील पांड्या ने कहा कि विगत दिवस मुनि श्री प्रमाण सागर जी के चातुर्मास के दौरान सामाजिक संसद के अध्यक्ष सहित पूरी कार्यकारिणी ने मुनि श्री की भावना के अनुरूप उन्हें आश्वस्त किया था कि संविधान की प्रक्रिया के तहत संसद के अध्यक्ष का चुनाव कराएंगे और हम उसी अनुरूप चुनाव कराएंगे।
मीडिया प्रभारी राजेश जैन ‘दद्दू’ ने बताया कि सभा का संचालन करते हुए प्रदीप चौधरी ने संसद की स्थापना के पूर्व से लेकर आज तक संपन्न गतिविधियों पर प्रकाश डाला एवं सदन को अवगत किया की अभी तक की परंपरा के अनुसार सामाजिक संसद के अध्यक्ष का चुनाव वैधानिक तरीके से मतदान के द्वारा अथवा सांसदों की सर्वानुमति से संपन्न होते रहे हैं।
सभा की अध्यक्षता कर रहे कार्यवाहक अध्यक्ष दिलीप पाटनी ने कहा कि चुनाव पूर्व की तरह पारदर्शिता से एवं संवैधानिक प्रक्रिया से होंगे एवं सांसदों को मतदान का अधिकार रहेगा।
प्रारंभ में समाज संरक्षिका श्रीमती पुष्पा प्रदीप कासलीवाल ने वरिष्ठ समाजसेवी दिलीप पाटनी गोयल नगर को संसद का अस्थाई कार्यवाहक अध्यक्ष मनोनीत किए जाने की घोषणा की । दिलीप पाटनी संसद के आगामी अध्यक्ष का निर्वाचन न होने तक कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में कार्य करते रहेंगे।
इस अवसर पर एडवोकेट अरविंद जैन, डॉ जैनेन्द्र जैन, राजेश लॉरेल, अमित कासलीवाल, बाहुबली पाण्ड्या , संदीप मोयरा, कीर्ति पांड्या, नवीन गोधा, मनोहर झांझरी, पार्षद राजीव जैन, प्रिंसपाल टोंग्या भूपेंद्र जैन, अखिलेश सोधिया, विपुल बांझल, संजय मेगनस, संजय अहिंसा आदि समाज श्रेष्ठि उपस्थित थे। आभार राजेंद्र सोनी ने माना।
