रीवा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी शामिल
इंदौर, 25 मई। रीवा में दिगंबर जैन समाज की दो साध्वियों की सड़क दुर्घटना में ट्रक से कुचलकर हुई दुखद मृत्यु के विरोध में दिगंबर जैन समाज द्वारा देशभर में शोक और विरोध स्वरूप कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
रीवा में कांग्रेस मप्र अध्यक्ष जीतू पटवारी शोक सभा में शामिल हुए और दोनों दिवंगत साध्वियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसी क्रम में इंदौर में दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के अध्यक्ष आनंद गोधा के नेतृत्व में एक विशाल ज्ञापन रैली निकाली गई।
सोमवार प्रातः 8:00 बजे राजवाड़ा से प्रारंभ हुआ यह मौन जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचा। रैली में सैकड़ों की संख्या में समाजजन, महिला एवं युवा वर्ग शामिल हुए। समाज के लोगों ने साधु-साध्वियों की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई तथा प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में सरकार से मांग की गई कि देशभर में भ्रमणरत जैन साधु-साध्वियों की सुरक्षा के लिए ठोस एवं प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए। साथ ही दुर्घटना प्रकरण की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, संत सुरक्षा प्रोटोकॉल एवं राष्ट्रीय संत सुरक्षा नीति बनाने की मांग भी रखी गई।
समाज प्रतिनिधियों ने कहा कि जैन समाज एक अल्पसंख्यक समाज है और संविधान के अंतर्गत अपने धार्मिक अधिकारों तथा सुरक्षा की मांग करना उनका अधिकार है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक दुर्घटना का मामला नहीं, बल्कि भ्रमणरत संतों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है।
कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जानकारी दिगंबर जैन सामाजिक संसद के कार्यकारी अध्यक्ष नवीन गोधा, महामंत्री हर्ष जैन एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष आनंद जैन कासलीवाल द्वारा दी गई।
समाजजनों ने दिवंगत साध्वियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
