11 जून से होगा नामांकन पत्रों का वितरण


इंदौर, 25 मई 2026 : इंदौर अभिभाषक संघ ने वर्ष 2026-27 के वार्षिक चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी विमल कुमार मिश्रा द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार संघ के पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों के लिए चुनाव प्रक्रिया जून माह में संपन्न होगी।


चुनाव के तहत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए एक-एक पद पर चुनाव कराया जाएगा। इसके अलावा कार्यकारिणी के छह सदस्यों का चयन किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार 30 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू किया गया है, जिसके तहत कोषाध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित रहेगा तथा कार्यकारिणी के छह पदों में से दो पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं।


जारी कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्रों का वितरण 11, 12 और 13 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा।

नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया 15, 16 और 17 जून को होगी।

नामांकन पत्रों की जांच 18 जून को की जाएगी, जबकि वैध उम्मीदवारों की सूची 19 जून को शाम 5 बजे जारी होगी।


नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 22 जून निर्धारित की गई है। इसी दिन शाम 5 बजे अंतिम प्रत्याशी सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
मतदान 25 जून 2026 को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा तथा मतगणना पूरी होने के तुरंत बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।


चुनाव समिति ने यह भी स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों को चुनाव प्रचार के लिए कार्ड, पंपलेट या अन्य प्रचार सामग्री के उपयोग की अनुमति नहीं होगी। नियमों के उल्लंघन पर चुनाव समिति द्वारा कार्रवाई की जाएगी।


चुनाव शुल्क का भी निर्धारण किया गया है। अध्यक्ष और सचिव पद के लिए प्रथम आवेदन शुल्क 18 हजार रुपये, उपाध्यक्ष के लिए 16 हजार रुपये, कोषाध्यक्ष एवं सहसचिव के लिए 14 हजार रुपये तथा कार्यकारिणी सदस्य के लिए 9 हजार रुपये तय किया गया है। चुनाव समिति के अनुसार किसी आकस्मिक परिस्थिति में चुनाव कार्यक्रम में संशोधन भी किया जा सकता है।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *