इंदौर। दिगंबर जैन समाज द्वारा भगवान वासु पूज्य स्वामी का मोक्ष कल्याणक महोत्सव शनिवार, 6 सितंबर को बड़े धूमधाम और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। यह आयोजन अनंत चतुर्दशी के दिन 10 लक्षण धर्म के अंतिम चरण उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत शहर के प्राचीन एवं ऐतिहासिक कांच मंदिर से होगी। यहां सुबह अभिषेक, पूजा-पाठ और निर्वाण लाडू समर्पण का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे कांच मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकलेगी, जो मल्हारगंज, गोरा कुंड, खजूरी बाजार, राजवाड़ा मार्ग से होते हुए पुनः कांच मंदिर पहुंचेगी। सूर्यास्त पूर्व भगवान श्री जी का अभिषेक संपन्न होगा।
दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के अध्यक्ष राजकुमार पाटोदी एवं प्रचार प्रमुख सतीश जैन (इला बैंक) ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन पूर्ण श्रद्धा एवं भक्ति भाव से संपन्न होगा।
समाज श्रेष्ठी श्रीमती पुष्पा कासलीवाल, एम.के. जैन, सुशील पांड्या, मनोहर झांझरी, अमित कासलीवाल, कमलेश कासलीवाल (इंद्र भवन), राकेश विनायका, प्रिंस पाल टोंग्या, प्रदीप चौधरी, संजय पापड़ीवाल, मनीष गंगवाल, मनोज बाकलीवाल, रितेश पाटनी, राजेंद्र सोनी सहित अन्य गणमान्यजनों ने सभी समाजजनों से इस परंपरागत धार्मिक आयोजन में सहभागिता की अपील की है।
