प्रथम बार इंदौर में प्रांतीय सामाजिक सद्भाव बैठक, सरसंघचालक मोहन भागवत होंगे सहभागी
10 अगस्त को ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में होगा आयोजन

इंदौर, 7 अगस्त 2025
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 10 अगस्त को इंदौर में आयोजित सामाजिक सद्भाव बैठक में सहभागी होंगे। यह बैठक इंदौर-उज्जैन संभाग के विभिन्न समाजों के प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के प्रमुखों के साथ ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।

संघ के सामाजिक समरसता प्रयासों के अंतर्गत यह पहला अवसर है जब प्रांत स्तरीय बैठक इंदौर में हो रही है। मालवा प्रांत के सभी 15 जिलों से प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करते हुए 180 समाजों के प्रमुखों को इस बैठक में आमंत्रित किया गया है।

बताया गया कि यह पहल वर्ष 2006 में श्री गुरुजी जन्म शताब्दी वर्ष से शुरू हुई थी और तब से देशभर में तहसील व जिला स्तर पर सामाजिक संवाद की श्रृंखला निरंतर चल रही है। इन बैठकों में समाजों के बीच सहयोग, अनुभव साझा करने और राष्ट्र निर्माण में मिलकर काम करने पर चर्चा होती है।

संघ शताब्दी वर्ष की पृष्ठभूमि में डॉ. भागवत पंच परिवर्तन (स्वदेशी जीवन शैली, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण, नागरिक अनुशासन और समरसता) विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। समाज प्रमुख अपने क्षेत्रों में किए गए कार्यों की प्रस्तुति भी देंगे।

कार्यक्रम का उद्देश्य है—समाजों के बीच समन्वय और सहयोग बढ़ाते हुए भारत को ‘विश्व गुरु’ बनाने की दिशा में संगठित प्रयास को मजबूती देना।

यह जानकारी मालवा प्रांत के सामाजिक सद्भाव संयोजक दिनेश गुप्ता द्वारा दी गई।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।