12 मई को होंगे बार एसोसिएशन के चुनाव, कोर्ट परिसर में माहौल गर्म
सभी प्रत्याशी प्रचार में जुटे, मतदान में चंद घंटे शेष
इंदौर, 11 मई 2026: मध्य प्रदेश बार एसोसिएशन के चुनाव 12 मई को आयोजित होने जा रहे हैं। चुनाव को लेकर प्रदेशभर के अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल है। इस बार पूरे प्रदेश से लगभग 150 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। वहीं इंदौर से 20 से अधिक प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
इंदौर जिला में 10 हजार से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं। मतदान 12 मई को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। एक मतदाता अधिकतम 23 प्रत्याशियों को मतदान कर सकेगा। चुनाव को लेकर कोर्ट परिसर में हलचल तेज हो गई है और प्रत्याशी अंतिम दौर के जनसंपर्क एवं प्रचार अभियान में पूरी ताकत से जुटे हुए हैं।
इंदौर से 22 प्रत्याशी मैदान में
इंदौर से सदस्य पद के लिए चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों में पूर्व न्यायधीश और एडवोकेट नरेन्द्र कुमार जैन, एडवोकेट राकेश सिंह भदौरिया, विवेक सिंह, चंद्र प्रकाश पुरोहित, राजेंद्र सिंह, प्रतिभा वालिया, तनुज दीक्षित, कन्हैया लाल यादव, नूर जहां खान, खिलाड़ी लाल गंगोरे, अखिलेश कुमार सक्सेना, सुरेंद्र कुमार वर्मा, मोहम्मद शब्बीर खान, शेख अलीम, हितोशी जय हार्डिया, सुनील गुप्ता, प्रीति राजेंद्र तिवारी, शैलेंद्र मिश्रा, विनोद कुमार द्विवेदी, रेखा बोरिवाल, निमेष पाठक एवं शादाब खान शामिल हैं।
चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं के बीच लगातार बैठकें, संपर्क अभियान और समर्थन जुटाने की गतिविधियां जारी हैं। कोर्ट परिसर में चुनावी चर्चाएं पूरे दिन गर्म बनी रहीं। निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।
