मप्र बार एसोसिएशन चुनाव :
टीए-डीए नहीं लिया, अधिवक्ताओं के हक के लिए लड़ता रहा : नरेंद्र कुमार जैन
इंदौर, 11 मई 2026: मध्यप्रदेश बार एसोसिएशन के चुनाव 12 मई 2026 को होने जा रहे हैं। इंदौर से 22 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं और जिले के 10 हजार से अधिक अधिवक्ता मतदान करेंगे। मप्र बार एसोसिएशन के सदस्य पद के प्रत्याशी, पूर्व न्यायाधीश एवं अधिवक्ता नरेंद्र कुमार जैन ने अधिवक्ताओं के हितों को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा करते हुए कई महत्वपूर्ण वादे किए ।
नरेंद्र कुमार जैन ने कहा कि वे अधिवक्ताओं के लिए एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करवाने के पक्षधर हैं, लेकिन वर्तमान ड्राफ्ट में संशोधन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसी भी अधिवक्ता की गिरफ्तारी केवल मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की स्वीकृति के बाद ही होनी चाहिए। केवल सूचना देकर गिरफ्तारी का प्रावधान अधूरा है। संबंधित अधिवक्ता को सुने बिना गिरफ्तारी की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
उन्होंने अधिवक्ताओं और उनके परिवारों के लिए प्रतिवर्ष कम से कम 5 लाख रुपये का मेडिकल क्लेम लागू करने की मांग रखी। साथ ही वर्तमान साढ़े तीन लाख रुपये के डेथ क्लेम को बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की बात कही। जैन ने कहा कि वे नए अधिवक्ताओं के लिए स्टायपेंड और वरिष्ठ अधिवक्ताओं के लिए पेंशन योजना शुरू कराने के भी प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार को अधिवक्ता कल्याण के लिए स्टेट बार काउंसिल को कम से कम 100 करोड़ रुपये की राशि वार्षिक बजट से उपलब्ध करानी चाहिए। उन्होंने बताया कि झारखंड, दिल्ली और उत्तराखंड जैसे राज्यों में सरकारें अधिवक्ता कल्याण के लिए वार्षिक बजट से राशि ट्रांसफर करती हैं, जबकि मध्यप्रदेश में अब तक ऐसा नहीं हो पाया है। इस राशि से मेडिक्लेम, डेथ क्लेम और पेंशन जैसी योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की जा सकेंगी।
जैन ने कहा कि मालवा क्षेत्र के अधिवक्ताओं की स्थिति अन्य क्षेत्रों की तुलना में ठीक है, लेकिन अलीराजपुर और बालाघाट जैसे क्षेत्रों में कई अधिवक्ता आर्थिक कठिनाइयों में काम कर रहे हैं, कई अधिवक्ता साथियों को फटे कोट में काम करते हुए देखा, जो दुखदाई है । उन्होंने कहा कि उन अधिवक्ताओं के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।
जैन ने यह भी कहा कि वे अपने कार्यकाल में कभी टीए-डीए नहीं लेते रहे, क्योंकि उनका मानना है कि यह राशि अधिवक्ता कल्याण में उपयोग हो सकती है। नरेंद्र कुमार जैन ने अधिवक्ताओं से अपील की कि वे उन्हें सीरियल नंबर 57 पर प्रथम वरीयता का वोट देकर विजयी बनाएं।
