हाईकोर्ट में आज सात स्पेशल बेंचें सुनेंगी जमानत अर्जियां
जबलपुर, इंदौर और ग्वालियर बेंच पर होगी विशेष सुनवाई

जबलपुर।
मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में लंबित जमानत अर्जियों की संख्या कम करने के लिए चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा की पहल पर लगातार दूसरे शनिवार को विशेष सुनवाई होगी। जबलपुर मुख्यालय के साथ-साथ इंदौर और ग्वालियर बेंचों पर भी शनिवार को जमानत मामलों की सुनवाई के लिए विशेष पीठें बैठेंगी।

पिछले शनिवार आठ बेंचों ने करीब 350 अर्जियों का निराकरण किया था। अब 27 सितंबर को सात स्पेशल बेंचों का गठन किया गया है। फिलहाल हाईकोर्ट में करीब ढाई हजार जमानत अर्जियां लंबित हैं।

प्रिंसिपल रजिस्ट्रार सुनील कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार जबलपुर में गठित पीठों में जस्टिस विशाल मिश्रा, जस्टिस प्रमोद कुमार अग्रवाल, जस्टिस दीपक खोत, जस्टिस हिमान्शु जोशी, जस्टिस रामकुमार चौबे, जस्टिस रत्नेश चंद्र सिंह बिसेन और जस्टिस बीपी शर्मा शामिल हैं। वहीं इंदौर और ग्वालियर बेंचों पर भी विशेष सुनवाई होगी।

मप्र हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीके जैन ने कहा कि चीफ जस्टिस की यह पहल स्वागतयोग्य है और इससे जमानत अर्जियों की पेंडेंसी में उल्लेखनीय कमी आएगी।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।