निवेश अवसरों का करेंगे प्रस्तुतीकरण
इंदौर, 20 मार्च 2026 (न्यूज़ओ2)
मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 21 मार्च को जयपुर में उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ निवेश पर संवाद करेंगे। आईटीसी राजपूताना में आयोजित ‘इंटरएक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट ऑपर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश’ में राज्य की निवेश संभावनाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।
कार्यक्रम में राज्य की औद्योगिक नीति, क्षेत्रवार प्रोत्साहन, विकसित औद्योगिक क्षेत्रों की उपलब्धता, अधोसंरचना विस्तार, लॉजिस्टिक नेटवर्क, कौशल विकास तंत्र और त्वरित स्वीकृति प्रणाली पर विशेष जोर रहेगा। प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राघवेन्द्र कुमार सिंह निवेश अवसरों की विस्तृत जानकारी देंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव उद्योग जगत के साथ सीधे संवाद में राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए निवेश के लिए स्थिर नीति वातावरण, पारदर्शी प्रक्रिया और समयबद्ध निर्णय व्यवस्था पर प्रकाश डालेंगे। वे निवेश को रोजगार सृजन, कौशल उन्नयन और औद्योगिक विस्तार से जोड़ने की राज्य की प्रतिबद्धता भी प्रस्तुत करेंगे।
मुख्यमंत्री का मुख्य संबोधन राज्य की औद्योगिक दिशा और दीर्घकालिक विकास दृष्टि पर केंद्रित रहेगा। इसके साथ ही वे चयनित उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बैठक कर प्रस्तावित परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
जयपुर में आयोजित यह निवेश संवाद मध्यप्रदेश की औद्योगिक प्रगति और संभावनाओं को राष्ट्रीय उद्योग समुदाय से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
