इंदौर। शहर कांग्रेस कार्यकारिणी में महिलाओं को स्थान नहीं दिए जाने को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के शहर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस महिलाओं के प्रति विरोधी मानसिकता रखती है और उसका यह निर्णय उसी का प्रमाण है।
मिश्रा ने जारी बयान में कहा कि नवरात्रि के दौरान पूरा देश शक्ति की आराधना कर रहा है, वहीं लोकमाता देवी अहिल्या की नगरी इंदौर में कांग्रेस द्वारा कार्यकारिणी में किसी महिला को स्थान नहीं देना दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे कांग्रेस की सोच उजागर होती है कि वह महिलाओं को महत्व नहीं देना चाहती।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व द्वारा पूर्व में भी महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं। मिश्रा ने आरोप लगाया कि प्रदेश की माताओं-बहनों के प्रति कांग्रेस का रवैया अपमानजनक रहा है और लाडली बहना योजना का भी कांग्रेस ने विरोध किया था।
भाजपा नेता ने कहा कि जब केंद्र सरकार ने महिला आरक्षण बिल पारित किया, तब भी कांग्रेस ने इसका विरोध किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार मातृशक्ति को हाशिए पर रखने की कोशिश करती रही है।
मिश्रा ने कहा कि इंदौर की महिलाएं इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस को जवाब देंगी और आने वाले समय में इसका राजनीतिक असर भी देखने को मिलेगा।
