भोपाल, 2 मार्च 2026।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने होली के शुभ अवसर पर राज्य के शासकीय सेवकों के महंगाई भत्ते (डीए) में 3 प्रतिशत वृद्धि करने की घोषणा की है। इस निर्णय के बाद महंगाई भत्ता बढ़कर 58 प्रतिशत हो जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी शासकीय सेवकों को भारत सरकार के समान अप्रैल 2026 (मई में देय वेतन) से 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता प्रदान किया जाएगा। साथ ही जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक की एरियर राशि का भुगतान मई 2026 से प्रारंभ कर छह समान किस्तों में किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पेंशनर्स को भी जनवरी एवं फरवरी 2026 की पेंशन में 58 प्रतिशत महंगाई भत्ते का लाभ दिया जाएगा। राज्य सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि दिन में किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत बड़वानी में आयोजित कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, वहीं शाम को कर्मचारियों एवं पेंशनर्स के हित में यह निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं भी दीं।