कैलाश विजयवर्गीय पर साधा निशाना
अलीराजपुर (मध्यप्रदेश), 2 मार्च 2026। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सोमवार को अलीराजपुर के ऐतिहासिक भगोरिया मेले में शामिल हुए। इस दौरान उनके साथ विधायक सेना महेश पटेल एवं आदिवासी विकास परिषद के उपाध्यक्ष महेश पटेल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
विजयवर्गीय पर साधा निशाना
मीडियाकर्मियों से चर्चा करते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि कैलाश विजयवर्गीय भी अलीराजपुर पहुंचे हैं।
सिंघार ने कहा,
“कैलाश विजयवर्गीय जी, कल तक आप आदिवासियों को औकात दिखाने की बात कर रहे थे और आज भगोरिया के पावन उत्सव में शामिल होने का ढोंग कर रहे हैं। क्या आप यहां फिर से आदिवासियों को उनकी औकात दिखाने आए हैं?”
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कैलाश विजयवर्गीय अपने बयान को लेकर पूरे आदिवासी समाज से माफी मांगेंगे।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आदिवासी समाज का सम्मान सर्वोपरि है और उनकी अस्मिता, परंपराओं एवं अधिकारों की रक्षा के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।
पारंपरिक नृत्य में भी हुए शामिल
भगोरिया महापर्व के दौरान मांदल और ढोल की थाप पर उमंग सिंघार पारंपरिक वेशभूषा में आदिवासी समाज के साथ उत्साहपूर्वक शामिल हुए। मेले में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही और पारंपरिक नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच उत्सव का माहौल बना रहा।
“परिवार के सदस्य की तरह आया हूं” — सिंघार
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अलीराजपुर के ऐतिहासिक भगोरिया मेले में अपनों के बीच पहुंचकर वे भावविभोर हैं।
उन्होंने कहा,
“ढोल की थाप और मांदल की गूंज केवल उत्सव नहीं, बल्कि हमारी गौरवशाली आदिवासी संस्कृति और अटूट एकता की पहचान है। आज मैं नेता प्रतिपक्ष के नाते नहीं, बल्कि आपके परिवार के एक सदस्य के रूप में अपनी माटी और परंपराओं को सहेजने का संकल्प लेकर आया हूं।”
उन्होंने प्रदेशवासियों एवं आदिवासी समाज को भगोरिया महापर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं।
