अपर मुख्य सचिव ने की समीक्षा

इंदौर/भोपाल, 05 मार्च 2026।
मध्यप्रदेश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने गुरुवार को मंत्रालय भोपाल में आयोजित समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी। बैठक की अध्यक्षता अपर मुख्य सचिव खाद्य श्रीमती रश्मि अरुण शमी ने की।

बैठक में बताया गया कि प्रदेश में वर्तमान खपत को देखते हुए पेट्रोलियम पदार्थों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित हो रही है।

अपर मुख्य सचिव शमी ने ऑयल कंपनियों को निर्देश दिए कि वे जिलावार अपने फील्ड ऑफिसर और डिपो प्रभारियों के माध्यम से संभागायुक्त और जिला कलेक्टरों से नियमित संपर्क बनाए रखें तथा पेट्रोलियम पदार्थों के स्टॉक की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराएं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में डीजल, पेट्रोल और एलपीजी की जमाखोरी या कालाबाजारी नहीं होने दी जाए। डीलर स्तर पर प्रतिदिन स्टॉक की समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया।

उल्लेखनीय है कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने प्रदेश में पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता की समीक्षा करने के निर्देश दिए थे।

बैठक में खाद्य आयुक्त कर्मवीर शर्मा, नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक अनुराग वर्मा तथा विभिन्न ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।