छात्रा अनामिका का सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का अंश

सोशल मीडिया पर नीट एस्पिरेंट अनामिका का वीडियो वायरल, सीएम ने दिखाई संवेदना, कोचिंग और छात्रावास में मदद के लिए निर्देश

भोपाल/सीधी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीधी जिले की आदिवासी छात्रा अनामिका बैगा की पढ़ाई में मदद करने की घोषणा की है। यह फैसला उस घटना के बाद सामने आया है, जब 9 जनवरी शुक्रवार को सीएम के सीधी दौरे के दौरान अनामिका उनसे मिलने का प्रयास कर रही थी, लेकिन पुलिसकर्मियों द्वारा उसे रोक दिया गया था। इस दौरान छात्रा काफी देर तक पुलिस से मिन्नतें करती रही, पर उसकी बात नहीं सुनी गई।
मामला स्थानीय मीडिया में आने के बाद मुख्यमंत्री के संज्ञान में पहुंचा। इसके बाद सीएम डॉ. मोहन यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर छात्रा की मदद की घोषणा की।


मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लिखा कि सीधी प्रवास के दौरान बिटिया सुश्री अनामिका बैगा ने पढ़ाई में सहायता के लिए अनुरोध किया था। जानकारी लेने पर सामने आया कि अनामिका फिलहाल NEET परीक्षा की तैयारी कर रही है और उसे कोचिंग तथा छात्रावास के लिए आर्थिक सहायता की आवश्यकता है। अभी तक उसने NEET की परीक्षा नहीं दी है। सीएम ने बताया कि इस जानकारी के बाद छात्रा के लिए उचित व्यवस्था करने के निर्देश दे दिए गए हैं। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि अनामिका का मेडिकल कॉलेज में प्रवेश होता है, तो राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विश्वास जताते हुए लिखा कि उन्हें पूर्ण भरोसा है कि एक दिन बिटिया अनामिका एक विख्यात चिकित्सक बनेगी और मध्यप्रदेश का नाम रोशन करेगी।

वायरल वीडियो में अनामिका बैगा स्थानीय मीडिया से कह रही हैं, कि उनके पापा बेहद निर्धन हैं और पढ़ा नहीं सकते हैं। पाँच गांवों से वे अकेली छात्रा हैं जो पढ़ने निकली हैं। सरकार से सिर्फ एक ही मांग हैं कि उन्हें नीट की तैयारी करने कोचिंग और छात्रावास के लिए आर्थिक मदद की जाये। अनामिका भावुक होकर कह रही हैं सीएम इस बेटी की इच्छा एक बार सुन सकते हैं न ! अनामिका ने पत्रकारों के पूछे जाने पर बताया कि वे स्थानीय कलेक्टर, विधायक कुअर सिंह टेकम और सांसद के पास 2-2 बार मदद की गुहार कर चुकी हैं लेकिन उनके आवेदन को लेकर रख लिया जाता है।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।