मंत्री के निर्देश पर तेज़ी से आगे बढ़ेगा अंडरपास निर्माण
रेलवे ने 45 दिनों में कार्य पूर्ण करने का दिया भरोसा, मांगलिया आरओबी भी आंशिक रूप से खुलेगा

इंदौर, 14 जुलाई 2025
जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के निर्देश पर सिंगापुर टाउनशिप अंडरपास का रेलवे, नगर निगम, यातायात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा रविवार को संयुक्त निरीक्षण किया गया। उद्देश्य था निर्माण कार्य में तेजी लाना और ट्रैफिक जाम की समस्या का हल निकालना।

निरीक्षण के दौरान रेलवे अधिकारियों ने रिटेनिंग वॉल और मार्ग चौड़ीकरण समेत शेष कार्य 45 दिनों में पूरा करने का आश्वासन दिया। साथ ही, मांगलिया में निर्माणाधीन आरओबी को भी आगामी 7 दिनों में दोपहिया व चारपहिया वाहनों के लिए अस्थायी रूप से खोला जाएगा, जिससे सिंगापुर टाउनशिप अंडरपास पर यातायात का दबाव कम किया जा सके।

निरीक्षण दल में रेलवे, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, पुलिस, प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, पार्षद व स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल रहे। मंत्री सिलावट की पहल पर यह संयुक्त निरीक्षण नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करने और सुगम यातायात व्यवस्था बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि बीती 1 जुलाई को सिंगापुर टाउनशिप के रहवासियों ने अंडरपास निर्माण की धीमी गति और कीचड़-जाम की समस्या को लेकर कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन भी किया था। जिसके लगभग 12 दिन बाद मंत्री और स्थानीय विधायक ने चुस्ती दिखाई है।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।