नई दिल्ली/जोरहाट, 5 मार्च 2026। भारतीय वायुसेना (IAF) का एक सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान गुरुवार शाम असम के जोरहाट से उड़ान भरने के बाद रडार से संपर्क से बाहर हो गया। वायुसेना के अनुसार विमान से आखिरी संपर्क शाम 7 बजकर 42 मिनट पर हुआ था।
वायुसेना ने सोशल मीडिया मंच X पर जारी एक पोस्ट में बताया कि विमान नियमित उड़ान के दौरान रडार से गायब हो गया। संपर्क टूटने के बाद संबंधित एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद संभावित क्षेत्र में तलाशी और बचाव अभियान (सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन) शुरू कर दिया गया है। वायुसेना और स्थानीय प्रशासन की टीमें इलाके में विमान और उसके चालक दल का पता लगाने के प्रयास कर रही हैं।
सुखोई-30 एमकेआई भारतीय वायुसेना के प्रमुख बहुउद्देश्यीय लड़ाकू विमानों में शामिल है, जो लंबी दूरी की मारक क्षमता और आधुनिक हथियार प्रणाली से लैस है।
फिलहाल विमान में सवार पायलटों की स्थिति को लेकर आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। वायुसेना ने कहा है कि स्थिति का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
