सिंहस्थ-2028 तोड़ेगा सारे रिकॉर्ड : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
इंदौर/उज्जैन, 27 अगस्त 2025।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन देश की आत्मा है और धार्मिक, सांस्कृतिक व आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल सम्पूर्ण चराचर जगत को गतिमान रखने वाली नैसर्गिक शक्ति हैं और उनके आशीर्वाद से ही उज्जैन “द बेस्ट रिलीजियस एंड स्पिरिचुअल डेस्टिनेशन” के रूप में प्रसिद्धि पा चुका है।
डॉ. यादव बुधवार को उज्जैन के होटल अंजुश्री में आयोजित दूसरे ग्लोबल स्पिरिचुअल टूरिज्म कॉन्क्लेव ‘रूहMantic’ के शुभारंभ कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने दीप प्रज्ज्वलन कर कॉन्क्लेव का शुभारंभ किया और फेथ एंड फ्लो पुस्तक का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महाकाल लोक के लोकार्पण के बाद उज्जैन की पहचान वैश्विक स्तर पर बढ़ी है। अब यहां देश-विदेश से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। पिछले वर्ष उज्जैन में 7 करोड़ श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि प्रदेशभर में 13 करोड़ पर्यटक आए। कोरोना काल के बाद से मध्यप्रदेश में पर्यटन हर साल 20% की दर से बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में पीएचडी चेंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न राज्यों से आए आध्यात्मिक पर्यटन विशेषज्ञों ने भाग लिया। कॉन्क्लेव में निवेश, अवसंरचना विकास और वैश्विक सहभागिता पर विस्तार से चर्चा की गई।
सिंहस्थ-2028 तोड़ेगा सारे रिकॉर्ड : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
उज्जैन, 27 अगस्त 2025।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बाबा महाकाल की कृपा से सिंहस्थ-2028 अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ेगा। उन्होंने बताया कि पिछली बार हुए सिंहस्थ में करोड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया था और इस बार संख्या कहीं अधिक रहने का अनुमान है।
वे उज्जैन में लोकमान्य तिलक गणेश उत्सव समिति द्वारा आयोजित मिट्टी गणेश प्रतिमा वितरण कार्यक्रम में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। शहर में शीघ्र ही फ्लाईओवर का निर्माण होगा और पीथमपुर-इंदौर-उज्जैन तक मेट्रो ट्रेन भी चलेगी।
उज्जैन में साल दर साल पर्यटकों का आंकड़ा
2023 में 11 करोड़ पर्यटक
- 2024 में 13 करोड़ पर्यटक
- सिर्फ उज्जैन में 7 करोड़ दर्शनार्थी
- पर्यटन में 20% वार्षिक वृद्धि
- सिंहस्थ-2028 में रिकॉर्ड तोड़ भागीदारी का अनुमान
गिग एवं प्लेटफार्म श्रमिकों का पंजीयन अभियान
इंदौर, 27 अगस्त 2025।
गिग, प्लेटफार्म एवं अन्य असंगठित श्रमिकों का नि:शुल्क पंजीयन ई-श्रम पोर्टल www.eshram.gov.in पर किया जा सकता है। यह प्रक्रिया 5 सितम्बर 2025 तक चलेगी। पंजीयन के लिए आधार नंबर, आधार लिंक्ड मोबाइल नंबर और बैंक खाता विवरण आवश्यक होगा। किसी भी जानकारी हेतु श्रम विभाग के हेल्पलाइन नंबर 0731-2432822 पर संपर्क किया जा सकता है।
