जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट की पहल पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने फ्लाई एश आपूर्ति बहाल करने के दिए निर्देश, निर्माण कार्यों में तेजी आएगी
इंदौर, 17 जून। इंदौर में निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं, विशेषकर फ्लायओवर निर्माण में आ रही फ्लाई एश आपूर्ति की समस्या के समाधान के लिए जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट की पहल पर उच्च स्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और अतिरिक्त मुख्य सचिव नीरज मंडलोई सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में एनएचएआई द्वारा बताया गया कि इंदौर में चल रही तेजाजीनगर-बलवाड़ा, इंदौर-हरदा और इंदौर–देवास बायपास परियोजनाओं में फ्लाई ऐश की आपूर्ति अचानक बंद हो जाने से निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे थे। यह आपूर्ति श्रीसिंघाजी थर्मल पावर प्रोजेक्ट, मूंदी द्वारा रोकी गई थी।
ऊर्जा मंत्री तोमर ने फ्लाई ऐश आपूर्ति तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए और आश्वस्त किया कि निर्माण कार्यों में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में सतत आपूर्ति के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि एनएचएआई की रालामंडल, एमआर-10, अर्जुन बड़ोद, रसालपुर फ्लाईओवर और इंदौर-हरदा चार लेन परियोजनाओं को तत्काल 10 लाख घन मीटर फ्लाई ऐश उपलब्ध कराई जाएगी। यह आपूर्ति आगामी दो दिनों में प्रारंभ होगी।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि वर्ष 2028 के सिंहस्थ से पूर्व परियोजनाओं की समय पर पूर्णता के लिए फ्लाई ऐश की उपलब्धता आवश्यक है।