नई दिल्ली। एयर इंडिया ने अपनी नैरोबॉडी (छोटे विमानों) सेवाओं में 5 प्रतिशत से कम अस्थायी कटौती का ऐलान किया है। यह कदम एयरलाइन के संचालन को स्थिर बनाए रखने और यात्रियों को आखिरी वक्त की असुविधा से बचाने के लिए उठाया गया है।

एयर इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इन अस्थायी कटौतियों के बावजूद कंपनी 120 घरेलू और शॉर्ट-हॉल अंतरराष्ट्रीय रूटों पर करीब 600 दैनिक उड़ानों का संचालन जारी रखेगी।

अस्थायी रूप से बंद किए गए रूट (15 जुलाई 2025 तक):

बेंगलुरु – सिंगापुर

पुणे – सिंगापुर

मुंबई – बागडोगरा

इन तीनों रूट्स पर रोज़ाना 7-7 उड़ानें चल रही थीं, जिन्हें फिलहाल निलंबित कर दिया गया है।

19 रूटों पर उड़ानों में कटौती: एयर इंडिया ने दिल्ली-मुंबई, दिल्ली-इंदौर, मुंबई-बेंगलुरु जैसे कई बड़े रूट्स पर भी उड़ानों की संख्या में कमी की है। इनमें से कुछ प्रमुख रूट इस प्रकार हैं:

दिल्ली-इंदौर: 21x से घटकर 14x साप्ताहिक

दिल्ली-गोवा (डाबोलिम): 14x से घटकर 7x साप्ताहिक

मुंबई-कोलकाता: 42x से घटकर 30x साप्ताहिक

मुंबई-वाराणसी: 12x से घटकर 7x साप्ताहिक

यात्रियों के लिए राहत की खबर: एयर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों में स्थानांतरण, नि:शुल्क पुनर्निर्धारण या पूर्ण रिफंड का विकल्प दिया जाएगा। यात्रियों से संपर्क किया जा रहा है ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कब तक रहेगा प्रभाव? यह कटौती कम से कम 15 जुलाई 2025 तक लागू रहेगी। एयर इंडिया ने कहा है कि जैसे ही परिस्थितियां अनुकूल होंगी, पूरा शेड्यूल बहाल कर दिया जाएगा।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।