कबीरखेड़ी प्लांट से बायोगैस और बिजली उत्पादन, महापौर ने किया निरीक्षण

इंदौर, 28 जुलाई 2025: नमामि गंगे मिशन के अंतर्गत इंदौर में 416 करोड़ रुपये की लागत से 195 एमएलडी क्षमता के तीन एसटीपी प्लांट का निर्माण कार्य चल रहा है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कबीर खेड़ी, कनाडिया और मंडी बोर्ड कार्यालय के पीछे (किला मैदान) स्थित निर्माणाधीन एसटीपी प्लांट्स का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जल कार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा ‘बबलू’ ने जानकारी दी कि 35 एमएलडी (मंडी सचिव कार्यालय के पास), 120 एमएलडी (कबीरखेड़ी) और 40 एमएलडी (कनाडिया) प्लांट का निर्माण प्रगति पर है। महापौर ने निर्माण कार्यों की हर 15 दिन में समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कार्य समय-सीमा में पूर्ण हो सके।

कबीरखेड़ी एसटीपी से होगी बिजली और बायोगैस का उत्पादन

120 एमएलडी के इस एसटीपी में बायोगैस तैयार की जाएगी जिसका विक्रय किया जाएगा। इसके साथ ही बिजली उत्पादन भी किया जाएगा। परियोजना में सीवरेज ट्रीटमेंट के साथ पानी के पुनः उपयोग की भी व्यवस्था की गई है, जिससे आसपास की कृषि भूमि और बगीचों को पानी उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रमुख परियोजना विवरण:

1. 35 एमएलडी एसटीपी – मंडी बोर्ड कार्यालय के पीछे

  • 79 एमएलडी पीक फ्लो के लिए एमपीएस
  • 1 किमी नई पाइप लाइन (1200 मिमी व्यास)
  • 200 मीटर राइजिंग मेन लाइन
  • 5798 मीटर लंबी पुन: उपयोग उपचारित जल पाइपलाइन
  • एलिवेटेड सर्विस जलाशय, पंपिंग हाउस की स्थापना

2. 120 एमएलडी एसटीपी – कबीरखेड़ी

  • 240 एमएलडी पीक फ्लो के लिए एमपीएस
  • 600 मीटर पाइप लाइन (1800 मिमी व्यास)
  • 7798 मीटर लंबी पुन: उपयोग जल पाइपलाइन
  • बायोगैस और बिजली उत्पादन की सुविधा
  • एलिवेटेड जलाशय व पंपिंग स्टेशन निर्माण

3. 40 एमएलडी एसटीपी – बैगम खेड़ी (कनाडिया)

  • 0.80 किमी सीवरेज नेटवर्क
  • डायवर्जन कार्य और इंटरसेप्शन सीवर
  • 100 मीटर राइजिंग मेन लाइन
  • 90 एमएलडी पीक फ्लो क्षमता का पंपिंग स्टेशन

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया, कार्यपालन यंत्री विवेश जैन, लक्ष्मीकांत वाजपेई और परियोजना प्रभारीनदीम खान भी मौजूद रहे। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एसटीपी से ट्रीट होकर निकलने वाले जल के वितरण और उपयोग की स्पष्ट योजना तैयार की जाए।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।