हुकमचंद मिल की नरकासुर वध झांकी ने बटोरा पहला पुरस्कार, शस्त्रकला के अद्भुत प्रदर्शन से अखाड़ों ने बांधा समां, महिला और बाल वर्ग में भी विजेताओं को सम्मानित किया गया

इंदौर, 07 सितम्बर 2025।
इंदौर की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप अनंत चतुर्दशी चल समारोह रविवार देर रात आस्था और उत्साह के बीच सम्पन्न हुआ। शहरवासियों की व्यापक भागीदारी वाले इस आयोजन में रातभर झांकियों और अखाड़ों का आकर्षक कारवां निकला, जिसने हजारों श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

झांकी निर्णायक समिति ने इस वर्ष हुकमचंद मिल की ‘नरकासुर वध’ झांकी को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया। वहीं राजकुमार मिल की ‘लंका दहन’ और मालवा मिल की ‘भगत के वश में है भगवान’ झांकियों को संयुक्त रूप से द्वितीय पुरस्कार दिया गया। कल्याण मिल की ‘सेना का शौर्य’ झांकी को तृतीय पुरस्कार मिला। विशेष पुरस्कार स्वदेशी मिल (महाशिवरात्रि पर शिव पूजा) और होप टेक्सटाइल मिल (गंगा अवतरण) को प्रदान किया गया।

अखाड़ों के पुरस्कार

चल समारोह में पारंपरिक शस्त्रकला का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला। निर्णायक समिति ने विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं का चयन किया—

  • लाठी वर्ग : प्रथम – छोगालाल उस्ताद व्यायामशाला, द्वितीय – महावीर व्यायामशाला (इतवारिया बाजार), तृतीय – रविदास व्यायामशाला। विशेष पुरस्कार – गाजीगुरू व अहिरवार चैतन्य व्यायामशाला।
  • दो हाथ के पटे वर्ग : प्रथम – चंद्रपाल उस्ताद व्यायामशाला, द्वितीय – बिंदागुरू व्यायामशाला, तृतीय – बाबूसिंह उस्ताद व्यायामशाला (नादिया नगर)। विशेष पुरस्कार – देवीदिन गुरू व हीरालाल उस्ताद व्यायामशाला।
  • महिला वर्ग : प्रथम – श्री रामनाथ गुरू शस्त्रकला व्यायामशाला, द्वितीय – श्री पंचमुखी गुरू अखाड़ा।
  • बालक वर्ग : प्रथम – कार्तिक राजपूत (लोधीपंच व्यायामशाला), द्वितीय – आदित्य यादव (गुरू मोहन सिंह उस्ताद व्यायामशाला), तृतीय – दिव्यांश बेलिया (महाबलेश्वर व्यायामशाला)। विशेष पुरस्कार – विनय भारती व हितेश सौलंकी।
  • बालिका वर्ग : प्रथम – परिधि धीमान (धानुक समाज बृजलाल गुरू व्यायामशाला), द्वितीय – जिया यादव (वीर बलवंत गुरू व्यायामशाला डमरू उस्ताद), तृतीय – भूमिका यादव (मार्तण्ड राव उस्ताद व्यायामशाला)। विशेष पुरस्कार – कनक वर्मा व लक्ष्मी वैध।

कलेक्टर आशीष सिंह ने चल समारोह के सफल आयोजन पर नागरिकों, प्रशासनिक अमले, झांकी व अखाड़ा आयोजकों तथा मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।