इंदौर में श्री गणेश प्रतिमाओं का पर्यावरण अनुकूल विसर्जन

105 स्थानों से 190 गाड़ियों द्वारा संकलन, जवाहर टेकरी गिट्टी खदान में विधिवत पूजन के बाद सम्पन्न विसर्जन

इंदौर, 7 सितंबर 2025। गणेश उत्सव के समापन अवसर पर नगर निगम इंदौर ने शहरभर से एकत्रित श्री गणेश प्रतिमाओं का पर्यावरण अनुकूल विसर्जन किया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव और आयुक्त शिवम वर्मा के नेतृत्व में 105 निर्धारित स्थानों से 190 वाहनों के माध्यम से प्रतिमाएं संकलित की गईं।

प्रतिमाओं का विसर्जन जवाहर टेकरी गिट्टी खदान में संचित वर्षाजल में विधिवत पूजन के बाद किया गया। इस प्रक्रिया में आधुनिक क्रेशर मशीन, कन्वेयर बेल्ट, क्रेन और 10 हाइड्रोलिक मशीनों का उपयोग किया गया। करीब 200 से अधिक मजदूरों, जोनल अधिकारियों, उपयंत्रियों और फील्ड स्टाफ ने इस कार्य में सहयोग किया।

नगर निगम का कहना है कि यह व्यवस्था धार्मिक परंपराओं और आस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को ध्यान में रखकर की गई।

इस अवसर पर श्री गणेश उत्सव समिति, महापौर परिषद सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया, अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, मनोज पाठक, अधीक्षण यंत्री डी.आर. लोधी, वर्कशॉप प्रभारी मनीष पांडे, नगर शिल्पज्ञ विवेश जैन सहित अन्य अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।