खंडवा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 11 ग्रामीणों की मौत
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता राशि
खंडवा, 2 अक्टूबर 2025।
मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। गुरुवार शाम पंधाना तहसील के ग्राम जामली राजगढ़ के पास अर्दला तालाब के रपटे पर ग्रामीणों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में पंधाना तहसील के ग्राम पाडल्या फाटा निवासी 11 ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई।
इस हृदयविदारक दुर्घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने तथा घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए।
तत्काल राहत व बचाव कार्य
कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही होमगार्ड और एसडीईआरएफ की टीम स्थानीय ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। लगभग तीन घंटे चले अभियान के बाद सभी 11 शवों को बाहर निकाला गया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित परिवारों के बैंक खातों में तुरंत राहत राशि जमा कराई जाए और उन्हें खाद्यान्न आपूर्ति में कोई दिक्कत न हो।
ट्रैक्टर चालक पर लापरवाही का आरोप
गांव के कोटवार लोकेन्द्र बारे ने बताया कि उन्होंने चालक को रपटे से वाहन निकालने से मना किया था, लेकिन उसने बात नहीं मानी। बताया जा रहा है कि हादसे के समय चालक शराब के नशे में था। दुर्घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया।
मृतकों की सूची
एसडीएम पंधाना दीक्षा भगोरे ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वालों में शामिल हैं –
कु. आरती (18 वर्ष)
दिनेश (13 वर्ष)
उर्मिला (16 वर्ष)
शर्मिला (15 वर्ष)
गणेश (20 वर्ष)
किरण (16 वर्ष)
पाटली (25 वर्ष)
रेवसिंह (13 वर्ष)
आयुष (9 वर्ष)
संगीता (16 वर्ष)
चंदा (8 वर्ष)
जनप्रतिनिधि और अधिकारी पहुंचे मौके पर
हादसे की जानकारी मिलते ही पंधाना विधायक छाया मोरे, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, डीआईजी सिद्धार्थ बहुगुणा, एसपी मनोज कुमार राय और जिला पंचायत के सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
