धार, 23 जनवरी 2026: बसंत पंचमी पर्व के अवसर पर धार स्थित भोजशाला संरक्षित परिसर में शुक्रवार को दर्शन, पूजन, हवन एवं नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां वाग्देवी के दर्शन के लिए भोजशाला पहुंचे, जहां विधिवत हवन-पूजन लगातार जारी रहा।
जिला प्रशासन द्वारा भोजशाला परिसर एवं आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। परिसर के समीप पुलिस कंट्रोल रूम, अस्थाई चिकित्सालय, सीसीटीवी निगरानी एवं मीडिया सेंटर की व्यवस्था की गई थी।
इस दौरान इंदौर संभाग के संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस महानिरीक्षक अनुराग, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भोजशाला परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
सर्वोच्च न्यायालय से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में मुस्लिम समाज द्वारा निर्धारित स्थान पर दोपहर 1 बजे से 3 बजे के बीच नमाज अदा की गई, जो बिना किसी व्यवधान के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने नागरिकों द्वारा शांति एवं संयम बनाए रखने तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
