126 खिलाड़ियों की भागीदारी, सौरभ वर्मा रहे मुख्य अतिथि; खेल भावना और अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन


इंदौर, 16 फरवरी 2026:
राजा रामन्ना उन्नत प्रौद्योगिकी केंद्र (आरआरकैट) में 9 से 13 फरवरी 2026 तक 40वीं डीएई खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता (बैडमिंटन) का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में परमाणु ऊर्जा विभाग की विभिन्न इकाइयों से कुल 8 टीमों के 126 खिलाड़ियों ने भाग लिया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक जज्बे का परिचय दिया।

इस प्रतियोगिता में 8 व्यक्तिगत वर्गों तथा 3 टीम चैंपियनशिप स्पर्धाओं में मुकाबले आयोजित किए गए, जिससे टूर्नामेंट बेहद रोचक और प्रतिस्पर्धात्मक बना रहा। पुरुष टीम चैंपियनशिप का खिताब टीम रामेश्वरम ने जीता, जबकि महिला टीम चैंपियनशिप में टीम अजंता विजेता रही।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में टीम एलोरा के खिलाड़ी विशाल ने ओवरऑल पुरुष चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। वहीं टीम अजंता की नमिता ने महिला चैंपियनशिप जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

टूर्नामेंट के दौरान अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर टीम गोलकुंडा को फेयर प्ले अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी सौरभ वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में सौरभ वर्मा ने कहा कि खेल भावना व्यक्ति के संपूर्ण व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और पेशेवर जीवन में भी सफलता के लिए सहायक होती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता आरआरकैट स्टाफ क्लब के अध्यक्ष डॉ. ततुन कुमार शर्मा ने की। कार्यक्रम का समापन आरआरकैट स्टाफ क्लब के सचिव गुरविंदरजीत सिंह द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि, सभी प्रतिभागी टीमों, अधिकारियों, स्वयंसेवकों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।