इंदौर, 05 मार्च 2026।
वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए इंदौर जिले में कंपोजिट मदिरा दुकानों के आवंटन हेतु चल रही ई-टेंडर प्रक्रिया के प्रथम चरण (बैच-02) में 19 समूहों में से 12 समूहों पर बोली प्राप्त हुई है। इन समूहों पर 3,93,87,76,101 रुपये (तीन अरब तिरानवे करोड़ सत्तासी लाख छिहत्तर हजार एक सौ एक रुपये) की उच्चतम बोली प्राप्त हुई है।

जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार इन 12 समूहों के लिए कुल 68 निविदाएँ प्राप्त हुईं। इन समूहों का कुल आरक्षित मूल्य 3,91,03,99,679 रुपये (तीन अरब इक्यानवे करोड़ तीन लाख निन्यानवे हजार छह सौ उनहत्तर रुपये) निर्धारित किया गया था, जिसके मुकाबले उच्चतम बोली अधिक प्राप्त हुई है।

यह राशि वित्तीय वर्ष 2025–26 के परिगणित वार्षिक मूल्य 3,25,86,66,377 रुपये (तीन अरब पच्चीस करोड़ छियासी लाख छियासठ हजार तीन सौ सतहत्तर रुपये) की तुलना में 68,01,09,724 रुपये (अड़सठ करोड़ एक लाख नौ हजार सात सौ चौबीस रुपये) अधिक है। यह वृद्धि गत वर्ष की तुलना में लगभग 20.87 प्रतिशत की उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्शाती है।

अधिकारियों के अनुसार शेष 7 समूहों के लिए नीलामी की प्रक्रिया जारी है। नीलामी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद इन समूहों की ई-टेंडर निविदाएँ 06 मार्च 2026 को प्रातः खोली जाएंगी।


इंदौर जिले की 55 कंपोजिट मदिरा दुकानों के लिए ई-टेंडर आमंत्रित

इंदौर, 05 मार्च 2026।
वित्तीय वर्ष 2026–27 (01 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027) के लिए इंदौर जिले के मदिरा समूहों के निष्पादन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसके तहत जिले के 18 मदिरा समूहों में शामिल 55 कंपोजिट मदिरा दुकानों के लिए ई-टेंडर आमंत्रित किए गए हैं।

इन समूहों का कुल वार्षिक मूल्य 7,85,12,23,135 रुपये (सात अरब पचासी करोड़ बारह लाख तेईस हजार एक सौ पैंतीस रुपये) निर्धारित किया गया है। संबंधित मदिरा समूहों में एमआर-9, चंद्रगुप्त मौर्य चौराहा (एमआर-10), द्वारकापुरी, राऊ, कनाडिया बायपास चौराहा, मांगलिया, खंडवा नाका, ड्रीमलैंड चौराहा, महू, पलसीकर कॉलोनी, तेजाजी नगर चौराहा, अंजनी नगर, चिमनबाग, देपालपुर, रेवती, छावनी, कंपेल, जवाहर मार्ग तथा रंगवासा (तहसील देपालपुर) क्षेत्र शामिल हैं।

ई-टेंडर (ई-टेंडर एवं ई-टेंडर कम ऑक्शन) के लिए ऑनलाइन टेंडर प्रपत्र 06 मार्च 2026 को सुबह 10 बजे से 07 मार्च 2026 को दोपहर 2 बजे तक डाउनलोड और जमा किए जा सकेंगे। इसके बाद 07 मार्च 2026 को दोपहर 2:05 बजे से ई-टेंडर कम ऑक्शन प्रपत्र खोले जाएंगे।

प्रत्येक समूह के लिए निविदा प्रपत्र का निर्धारित मूल्य 30,000 रुपये (तीस हजार रुपये) रखा गया है। इच्छुक आवेदक अवकाश के दिनों सहित अधिक जानकारी के लिए कार्यालय सहायक आयुक्त आबकारी, कक्ष क्रमांक-209, कलेक्ट्रोरेट परिसर, इंदौर में संपर्क कर सकते हैं।