इंदौर, 23 मार्च 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में सुशासन और नागरिक सेवाओं को अधिक सिविक-फ्रेंडली बनाने के लिए सरकार शीघ्र ही “स्टेट एआई मिशन” लॉन्च करेगी। यह मिशन शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को मंत्रालय में मंत्रिपरिषद बैठक से पूर्व मंत्रीगण से अनौपचारिक चर्चा के दौरान बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) वर्तमान समय का सबसे संभावनाशील क्षेत्र है। इसके माध्यम से कृषि, स्वास्थ्य, पोषण और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में संभावित जोखिमों की पूर्व पहचान संभव हो सकेगी। मिशन को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। वर्ष 2026-27 में एआई के लिए आधारभूत ढांचा विकसित किया जाएगा, 2027-28 में सफल उपयोग मामलों का विस्तार होगा और 2028-29 तक इसे शासन की स्थायी प्रणाली के रूप में स्थापित किया जाएगा।

जयपुर में 5,055 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले
मुख्यमंत्री ने हाल ही में जयपुर प्रवास के दौरान निवेशकों के साथ हुई बैठक का उल्लेख करते हुए बताया कि विभिन्न क्षेत्रों के 400 से अधिक प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सकारात्मक संवाद हुआ, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश को 5,055 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इससे करीब 3,530 रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि यह आंकड़े प्रदेश की औद्योगिक नीतियों के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाते हैं।

जल गंगा संवर्धन अभियान 139 दिन चलेगा
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में तीसरा जल गंगा संवर्धन अभियान 19 मार्च से प्रारंभ हो चुका है, जो इस वर्ष गुड़ी पड़वा से गंगा दशहरा तक 139 दिनों तक चलेगा। लगभग 2,500 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेशभर में जल संरक्षण और संवर्धन के कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अभियान को केंद्र सरकार से भी सराहना मिली है।

वाराणसी में सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य का मंचन
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि 3 से 5 अप्रैल 2026 तक वाराणसी में सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य का मंचन किया जाएगा।

उज्जैन में नैवेद्य लोक का लोकार्पण
उन्होंने बताया कि उज्जैन में “नैवेद्य लोक” का लोकार्पण किया गया है, जहां 108 दुकानों के माध्यम से मालवा के पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसे इंदौर की छप्पन दुकानों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।

अंतर्राष्ट्रीय खुशहाली दिवस मनाया गया
मुख्यमंत्री ने बताया कि भोपाल में राज्य आनंद संस्थान द्वारा अंतर्राष्ट्रीय खुशहाली दिवस मनाया गया, जिसमें उन्होंने स्वयं भाग लिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन जीवन में सकारात्मकता और कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक होते हैं।