इंदौर, 24 मार्च 2026। लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की नगरी इंदौर में मानवता और सेवा का एक और प्रेरक उदाहरण सामने आया है। शुजालपुर निवासी 34 वर्षीय सिविल इंजीनियर अनुपम नालमे के ब्रेन हेमरेज के बाद हुए निधन उपरांत उनके परिजनों ने अंगदान कर कई जिंदगियों को नई आशा दी। शहर में 67वां ग्रीन कॉरिडोर बनाकर अंग प्रत्यारोपण की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न की गई।

जानकारी के अनुसार, अनुपम नालमे को गंभीर हालत में सीएचएल केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों द्वारा ब्रेन डेथ की स्थिति की पुष्टि की गई। इसके बाद परिवार ने मुस्कान ग्रुप पारमार्थिक ट्रस्ट के सेवादारों से संपर्क कर अंगदान के लिए सहमति प्रदान की।

मुस्कान ग्रुप के सेवादार जीतू बगानी और संदीपन आर्य द्वारा परिवार की काउंसलिंग की गई। इस दौरान दिवंगत के पिता जगदीश नालमे, बुआ डॉ. वर्षा, भाई अनुराग एवं जुबीन नालमे ने अंगदान के लिए सहमति दी।

प्रथम ब्रेन डेथ सर्टिफिकेशन 23 मार्च को शाम 5:13 बजे तथा द्वितीय सर्टिफिकेशन रात 12 बजे किया गया। इसके बाद अंग प्रत्यारोपण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।

दानदाता का लिवर सीएचएल केयर हॉस्पिटल में इंदौर निवासी 44 वर्षीय महिला को प्रत्यारोपित किया गया। एक किडनी रतलाम निवासी 34 वर्षीय पुरुष को शेल्बी हॉस्पिटल में प्रत्यारोपित की गई। दूसरी किडनी प्रारंभ में सीएचएल केयर हॉस्पिटल की एक महिला को आवंटित की गई थी, किंतु चिकित्सकीय कारणों से प्रत्यारोपण स्थगित होने पर संशोधित आदेश के अनुसार इसे शेल्बी हॉस्पिटल में उपचाररत 55 वर्षीय महिला को आवंटित किया गया, जिसका प्रत्यारोपण जारी रहा।

लिवर ट्रांसप्लांट बेंगलुरु के एस्टर हॉस्पिटल के सर्जन डॉ. वचन एस. होकेरी एवं सीएचएल के गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट डॉ. नीरज जैन की टीम द्वारा किया गया। टीम पूर्व दिवस ही इंदौर पहुंच गई थी।

पूरी प्रक्रिया में सीएचएल केयर हॉस्पिटल के सीईओ मनीष गुप्ता, सीनियर इंटेंसिविस्ट डॉ. निखिलेश जैन, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर मोनिशा बगानी एवं डॉ. उत्तम पाटीदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं, राज्य शासन के SOTTO के नोडल अधिकारी डॉ. मनीष पुरोहित, निधि शर्मा एवं शुभम वर्मा ने अंग आवंटन प्रक्रिया सुनिश्चित की।

इंदौर के सांसद शंकर लालवानी, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खेड़े एवं एप्रोप्रिएट अथॉरिटी डॉ. अरविंद धनघरिया द्वारा भी पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग की गई।

ग्रीन कॉरिडोर दोपहर 12:35 बजे सीएचएल केयर हॉस्पिटल से शेल्बी हॉस्पिटल के बीच बनाया गया, जिसे इंदौर ट्रैफिक पुलिस की मदद से मात्र 4 मिनट में पूरा किया गया।

अंगदानी अनुपम नालमे को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान अस्पताल परिसर में मानव श्रृंखला बनाकर पुष्प वर्षा के साथ अंतिम विदाई दी गई। प्रशासन की ओर से एसडीएम ओम नारायण बड़कुल ने पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

विदाई के अवसर पर शेल्बी हॉस्पिटल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. विवेक जोशी, सीएचएल केयर हॉस्पिटल के सीईओ मनीष गुप्ता, अंगदानी जवाहर दोषी एवं मुस्कान ग्रुप के सेवादारों ने शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए परिवार का आभार माना।

मुस्कान ग्रुप पारमार्थिक ट्रस्ट ने इस पुनीत कार्य में सहयोग देने वाले नालमे परिवार एवं सभी संबंधितों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।