पालदा में 500 किलो घी जब्त, 29 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए

इंदौर, 24 मार्च 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार इंदौर जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ सघन अभियान जारी है। इसी क्रम में कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाते हुए दूध एवं दुग्ध उत्पादों के 29 नमूने जांच हेतु लिए गए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न डेयरियों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर सैंपलिंग की कार्रवाई की। इस दौरान भोले कृपा डेयरी, राऊ से 3, श्री राम डेरी, सिलिकॉन सिटी से 3 तथा पालीवाल एंड संस, सिलिकॉन सिटी राऊ से 2 नमूने लिए गए। वहीं, श्री अम्बे डेरी सेंटर, राऊ से गाय के दूध एवं मावा के 4 नमूने, एमडी संस, लिम्बोदी से गुलाब शरबत व आम अचार के 2 नमूने तथा हैप्पी ओवन बेकरी से नमकीन खारी का 1 नमूना लिया गया।

इसी प्रकार जय माता दी दूध डेरी, लिम्बोदी से दूध व पनीर के 2, शिव डेरी, भंवरकुआं से दूध, स्किम्ड दूध एवं पनीर के 3, हनुमंत स्वीट्स एंड डेयरी से दूध का 1 तथा हम्बल काऊ प्राइवेट लिमिटेड, स्कीम नंबर 94 से पनीर एवं फुल क्रीम मिल्क के 2 नमूने संकलित किए गए। अन्य प्रतिष्ठानों से भी दूध, आइसक्रीम एवं मिक्स मिल्क सहित विभिन्न उत्पादों के नमूने लिए गए।

पालदा में घी की बड़ी जब्ती
कार्रवाई के दौरान मार्बल मंडी, पालदा स्थित श्री धेनू डेयरी प्रोडक्ट्स का औचक निरीक्षण किया गया। यहां लगभग 34 डिब्बों में रखा करीब 500 किलोग्राम घी बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई है। घी के नमूने जांच के लिए लेकर शेष सामग्री जब्त कर ली गई।

प्राथमिक जांच में बताया गया कि उक्त घी मुसाखेड़ी स्थित पूजा डेयरी से क्रय कर बाजार में विक्रय किया जा रहा था। विभाग द्वारा दोनों प्रकार के घी के नमूने परीक्षण हेतु भेजे गए हैं।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को स्वच्छता बनाए रखने एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा मिलावटखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।