नई दिल्ली, 25 मार्च 2026 (एजेंसी)सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के तहत एलपीजी कनेक्शनों की रिफिल बुकिंग समय सीमा में बदलाव को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही खबरों और दावों का खंडन किया है।
कुछ पोस्टों में दावा किया गया था कि पीएमयूवाई कनेक्शनों के लिए रिफिल बुकिंग की समय सीमा 45 दिन कर दी गई है, जबकि गैर-पीएमयूवाई सिंगल बॉटल कनेक्शनों के लिए 25 दिन और डबल बॉटल कनेक्शनों के लिए 35 दिन की नई समय सीमा तय की गई है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने इन दावों को भ्रामक बताते हुए स्पष्ट किया है कि रिफिल बुकिंग के मौजूदा नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। मंत्रालय के अनुसार, शहरी क्षेत्रों में रिफिल बुकिंग की समय सीमा 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन ही लागू है, और यह सभी प्रकार के कनेक्शनों पर समान रूप से लागू होती है।
सरकार ने यह भी कहा है कि देश में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें, उन्हें आगे साझा न करें तथा अनावश्यक या घबराहट में रिफिल बुकिंग से बचें।
