इंदौर, 11 अप्रैल 2026। नगर पालिक निगम इंदौर द्वारा शहर के सभी मुक्तिधामों में दाहसंस्कार में उपयोग होने वाली सामग्री की दरें निर्धारित कर दी गई हैं। इस संबंध में अपर आयुक्त नरेंद्र नाथ पांडेय ने जानकारी दी कि आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर 9 अप्रैल 2026 को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अपर आयुक्त नरेंद्रनाथ पांडे, उपायुक्त प्रदीप जैन तथा मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी विवेक गंगराड़े सहित मुक्तिधामों के संचालक, व्यवस्थापक एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे। चर्चा के दौरान सर्वसम्मति से दाहसंस्कार में उपयोग होने वाली सामग्री की एक समान दर लागू करने का निर्णय लिया गया।

निर्धारित दरों के अनुसार लकड़ी 800 रुपये प्रति क्विंटल, कंडे 15 रुपये प्रति नग एवं शंटी 50 रुपये प्रति बंडल तय की गई है।

आयुक्त सिंघल ने सभी मुक्तिधामों पर इन दरों के स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं। निर्देशों के पालन में विभिन्न मुक्तिधामों पर सूचना बोर्ड लगाए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित दरों के अनुसार ही भुगतान करें तथा भुगतान की रसीद अवश्य प्राप्त करें, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *