दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद की पदाधिकारी परिषद की बैठक संपन्न, महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए
इंदौर। दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद की द्वितीय पदाधिकारी परिषद की महत्वपूर्ण बैठक जाल सभागृह में आयोजित की गई, जिसमें समाज से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा और निर्णय लिए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान महावीर की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर श्रीमती अनामिका बाकलीवाल एवं अन्य महिलाओं ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया।
प्रचार प्रमुख सतीश जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि महावीर जन्म कल्याणक के अवसर पर निकली स्वर्ण रथ यात्रा के सारथी रोहित गंगवाल परिवार, भोजन के पुण्यार्जक सुभाष सामरिया परिवार सहित अन्य सहयोगियों का सम्मान समाज के मुख्य समन्वयक डी.के. जैन, कोषाध्यक्ष पिंकेश टोंग्या एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा पगड़ी, शॉल और श्रीफल भेंट कर किया गया।
समाज के अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रथम बैठक में की गई घोषणाओं को पूर्ण करने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि समाज के संविधान में संशोधन कर आगामी चुनाव में प्रत्येक परिवार की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही समाज के लिए एक मैरिज गार्डन निर्माण का भी प्रस्ताव रखा गया।
संविधान संशोधन के लिए अशोक बढ़जात्या की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने की घोषणा की गई। उन्होंने कहा कि यह संविधान इंदौर के प्रत्येक जैन परिवार को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा।
बैठक के दौरान सौरभ पाटोदी को दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया और उन्हें शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में समाज के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार पाटोदी, नरेंद्र वेद, कैलाश वेद सहित समाज के वरिष्ठजन और पदाधिकारी उपस्थित रहे। कुल 171 पदाधिकारियों की सहभागिता रही।
सभा का संचालन संगठन मंत्री जेनेश झांझरी एवं प्रवक्ता मनीष अजमेरा ने किया।
