सप्ताह में तीन दिन चलेगी
रतलाम, 21 अगस्त 2026। यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे द्वारा पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन का संचालन एक बार फिर शुरू किया जा रहा है। यह हेरिटेज ट्रेन 22 अगस्त 2026 से प्रत्येक शुक्रवार, शनिवार और रविवार को चलेगी। ट्रेन के सफर के दौरान यात्रियों को मालवा क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य और मनमोहक नजारों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, ट्रेन संख्या 52965 पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन पातालपानी से सुबह 11:05 बजे रवाना होकर दोपहर 1:05 बजे कालाकुंड पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 52966 कालाकुंड-पातालपानी हेरिटेज ट्रेन कालाकुंड से दोपहर 3:34 बजे रवाना होगी और शाम 4:30 बजे पातालपानी पहुंचेगी।
ट्रेन में उपलब्ध होंगे एसी और नॉन-एसी कोच
हेरिटेज ट्रेन में कुल पांच चेयर कार कोच रहेंगे। इनमें दो एसी चेयर कार (C1 और C2) तथा तीन नॉन-एसी चेयर कार (D1, D2 और D3) शामिल हैं।
यात्रियों को पातालपानी से कालाकुंड जाने और वापस आने के लिए अलग-अलग टिकट लेना होगा। एक दिशा की यात्रा के लिए एसी चेयर कार का किराया 270 रुपये और नॉन-एसी चेयर कार का किराया 20 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है।
बुकिंग शुरू
ट्रेन संख्या 52965/52966 पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन की बुकिंग सभी यात्री आरक्षण प्रणाली (PRS) काउंटरों और IRCTC वेबसाइट के माध्यम से शुरू हो चुकी है। ट्रेन के ठहराव, समय-सारणी और कोच संरचना से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए यात्री भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। भारतीय रेलवे ट्रेन इन्क्वायरी
— जनसंपर्क विभाग, पश्चिम रेलवे, रतलाम मंडल
