संभागायुक्त के निरीक्षण में लापरवाही उजागर
इंदौर, 6 अगस्त। इंदौर संभागायुक्त श्री भास्कर लक्षकार के खरगोन जिले के निरीक्षण में दो अधिकारियों की गंभीर प्रशासनिक लापरवाही सामने आने पर उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। बड़वाह के एसडीएम सत्यनारायण दर्रो तथा शासकीय संदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय, बिस्टान के प्रभारी प्राचार्य बलराम भंवर से तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि ग्राम कारियामाल में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन यूनिट के लिए शासकीय भूमि आवंटन का मामला छह माह से अधिक समय से लंबित है। नगर पालिका का प्रस्ताव प्राप्त होने के बावजूद आवश्यक जांच प्रतिवेदन और नियमानुसार कार्रवाई नहीं की गई। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संभागायुक्त के निर्देश पर कलेक्टर गुरू प्रसाद ने एसडीएम को नोटिस जारी किया।
वहीं, संदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय, बिस्टान के निरीक्षण में प्रशासनिक अनियमितताएं और शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर प्रभारी प्राचार्य के खिलाफ भी संभागीय उपायुक्त, जनजातीय कार्य विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी किया।
नोटिस में कहा गया है कि तीन दिन में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियमों के तहत विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
